धान विक्रय सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में होगी सुविधा, किसानों से सभी खसरों का पंजीयन कराने की अपील


जशपुर। जिले में किसानों एवं भूमि स्वामियों की सभी भूमियों का AgriStack Farmer Registry में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन मैदानी स्तर पर लोगों तक पहुंचकर Farmer Registry के संबंध में जानकारी दे रहा है और प्रत्येक किसान से अपनी सभी भूमि एवं खसरों का समय रहते पंजीयन कराने की अपील कर रहा है।

प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले के किसी भी किसान अथवा भूमि स्वामी की कोई भी भूमि Farmer Registry से छूटने न पाए। इसके लिए पटवारी, ग्राम सेवक एवं संबंधित विभागीय अमला गांव-गांव पहुंचकर किसानों को जागरूक कर रहा है। जिन किसानों की भूमि अथवा खसरा अभी तक Farmer Registry में दर्ज नहीं हुआ है, उन्हें चिन्हित कर आवश्यक मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
धान बेचने वाले किसानों के लिए भी जरूरी
Farmer Registry का महत्व धान विक्रय करने वाले किसानों के लिए भी काफी बढ़ गया है। प्रशासन के अनुसार Digital Crop Survey (DCS) की प्रक्रिया के लिए Farmer Registry का पूर्ण होना आवश्यक है। ऐसे में आगामी समय में धान बेचने की तैयारी कर रहे किसानों को अपनी सभी भूमि एवं खसरों का पंजीयन समय रहते पूरा कराने की सलाह दी गई है।
यदि किसी किसान का कोई खसरा Farmer Registry में दर्ज होने से छूट गया है, तो वह संबंधित पटवारी अथवा ग्राम सेवक से संपर्क कर उसे भी पंजीकृत करवा सकता है।
शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में होगी सुविधा
AgriStack Farmer Registry के माध्यम से किसानों एवं उनकी भूमि से संबंधित जानकारी का डिजिटल और व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। इससे भविष्य में किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं कृषि संबंधी सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।
डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध होने से किसान की पहचान, भूमि की जानकारी और कृषि गतिविधियों से जुड़ी सेवाओं के बेहतर समन्वय में भी मदद मिलेगी।
प्रशासन की किसानों से अपील
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे केवल वर्तमान में उपयोग की जा रही भूमि ही नहीं, बल्कि अपने नाम दर्ज सभी भूमियों और खसरों का Farmer Registry समय रहते पूरा कराएं।
जो किसान स्वयं चॉइस सेंटर तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे अपने क्षेत्र के पटवारी अथवा ग्राम सेवक से संपर्क कर पंजीयन की प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।
प्रशासन की अपील है— “अपनी सभी भूमि का AgriStack Farmer Registry कराएं, कोई भी खसरा छूटने न दें और डिजिटल कृषि व्यवस्था का हिस्सा बनें।”

