पीड़ित ने न्यायालय में पेश किया था परिवाद, ₹1 लाख ट्रांसफर करने का किया दावा; पत्थलगांव पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल



पत्थलगांव। समाज से बहिष्कृत किए जाने के बाद दोबारा समाज में शामिल करने के नाम पर कथित रूप से रुपये मांगने के मामले में पत्थलगांव पुलिस ने समाज के तत्कालीन अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 13 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बटुराबहार निवासी गोपाल बंजारा (31 वर्ष) ने न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोरबा के न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया था। परिवाद में आरोप लगाया गया कि उन्हें समाज से बहिष्कृत कर दिया गया था। दोबारा समाज में शामिल होने के लिए आवेदन करने पर समाज के तत्कालीन अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा, सचिव महेंद्र बंजारा, वर्तमान अध्यक्ष नंदकिशोर बंजारा और सचिव श्यामलाल बंजारा द्वारा उनसे रुपये की मांग की गई थी।
₹2 लाख मांगने का आरोप, ₹1 लाख ट्रांसफर करने का दावा
परिवाद के मुताबिक, समाज में पुनः शामिल करने के एवज में तत्कालीन अध्यक्ष शेखर बंजारा को दो लाख रुपये देने की बात कही गई थी। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि 23 सितंबर 2022 को एक लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों से ट्रांसफर किए गए थे। इनमें अपने भारतीय स्टेट बैंक खाते से फोन-पे के माध्यम से 60 हजार रुपये शेखर बंजारा के खाते में तथा मित्र के इंडसइंड बैंक खाते से 40 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाने का उल्लेख है। इसके बाद भी दोबारा रकम मांगे जाने का आरोप लगाते हुए प्रार्थी ने न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया था।
न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मामला
मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोरबा के आदेश पर थाना सिविल लाइन रामपुर, कोरबा में अपराध पंजीबद्ध किया गया। घटनास्थल पत्थलगांव थाना क्षेत्र में होने के कारण प्रकरण को पत्थलगांव पुलिस के सुपुर्द किया गया। यहां अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 61(2), 3(5) तथा नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1955 की धारा 7(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाई। इसके बाद नामजद आरोपी शेखर प्रसाद बंजारा (32 वर्ष), पिता राजकुमार बंजारा, निवासी बटुराबहार (गौटियापारा), थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी पतासाजी की जा रही है। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मामले में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अवैध वसूली के मामलों में होगी कार्रवाई : एसएसपी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि समाज से बहिष्कृत व्यक्ति को दोबारा शामिल करने के नाम पर रुपये मांगने के मामले में तत्कालीन समाज अध्यक्ष शेखर बंजारा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

